CG | Thu, 08 October 2026

No Ad Available

मोहपाल सरपंच हत्याकांड में शिक्षक सहित दो और गिरफ्तार, आरोपियों की संख्या नौ हुई

07 Oct 2026 | WEENEWS DESK | 982 views
मोहपाल सरपंच हत्याकांड में शिक्षक सहित दो और गिरफ्तार, आरोपियों की संख्या नौ हुई

कोंडागांव। जिले के थाना बड़ेडोंगर में दर्ज अपराध क्रमांक 22/2026 के तहत मोहपाल सरपंच मंगल सिंह मरकाम हत्याकांड में पुलिस ने शिक्षक सहित दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सरगराम नेताम (39) और बावन राम नेताम (54) के रूप में हुई है। सरगराम नेताम मोहपाल गौरीपदर की प्राथमिक शाला में शिक्षक के पद पर पदस्थ है। वहीं बावन राम नेताम मोहपाल गोंरीपदर पारा का निवासी बताया गया है। पुलिस का कहना है कि विवेचना के दौरान सामने आए बयानों, उपलब्ध तथ्यों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों की भूमिका संदिग्ध पाई गई। इसके बाद उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की गई और गिरफ्तारी की कार्रवाई की गई। दोनों आरोपियों को 6 अक्टूबर 2026 को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें 15 अक्टूबर 2026 तक न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। इससे पहले पुलिस इस मामले में सात आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। दो नई गिरफ्तारियों के बाद मामले में पकड़े गए आरोपियों की संख्या बढ़कर नौ हो गई है।

गौरतलब है कि 30 सितंबर की सुबह सरपंच मंगल सिंह मरकाम घायल अवस्था में जंगल किनारे मिले थे, उनके सिर पर चोट के निशान थे। परिजन उन्हें इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। न्यायालयीन दस्तावेजों में हत्या की पूर्व योजना और आरोपियों के बीच बातचीत से जुड़े तथ्यों का भी उल्लेख किया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार 29 सितंबर की रात सरपंच के गांव आने की सूचना मिलने पर सभी आरोपी पड़ाड़ी मार्ग और नदी किनारे जंगल में घात लगाकर बैठ गए। सरपंच के वहां पहुंचने पर आरोपियों ने उसे पकड़ लिया और उसके हाथ बांध दिए। इसके बाद आरोपियों ने थप्पड़, चप्पल, लोहे की रॉड और डंडे से सरपंच के साथ बेरहमी से मारपीट की। गंभीर रूप से घायल होने के बाद सरपंच की मौत हो गई।

पुलिस की जांच के दौरान आरोपी मि. राम नेताम से पूछ-ताछ में सरपंच मंगल सिंह मरकाम के आरोपी परिवार की एक महिला से कथित प्रेम प्रसंग की चर्चा को लेकर पुरानी रंजिश की बात सामने आई। मामले में पुलिस ने इससे पहले सात आरोपियों मि. राम नेताम (45), श्रवण कुमार नेताम (20), अमित कुमार नेताम (20), लखन नेताम (25), नब्बू वट्टी (28), राकेश मंडावी (21) और प्रभु लाल नेताम (20) को 01 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तार किया था। आज मंगलवार को शिक्षक सरगराम नेताम और बावन राम नेताम की गिरफ्तारी के बाद मामले में पुलिस की जांच और आगे बढ़ गई है।


WEENEWS DESK
WEENEWS DESK

Join WhatsApp


❌ No active feeds found.